Edited By Urmila,Updated: 28 Aug, 2026 05:06 PM

एयरपोर्ट चौक के पास भारतमाला रोड पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई।
मोहाली: एयरपोर्ट चौक के पास भारतमाला रोड पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे में गांव मच्छलीकलां निवासी परमप्रीत गंभीर रूप से घायल हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद वह सड़क किनारे जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी है।
परमप्रीत इलेक्ट्रिशियन के तौर पर काम करता था। जानकारी के अनुसार वह पिछले करीब छह महीने से जीरकपुर के एक होटल में नौकरी कर रहा था और वहीं रिश्तेदारी में रह रहा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी उसका योगदान था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह बाइक पर जीरकपुर से अपने गांव की ओर निकला था। इसी दौरान एयरपोर्ट रोड पर भारतमाला प्रोजेक्ट के नजदीक यह हादसा हो गया।
परमप्रीत के दोस्त गुरजीत सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद युवक सड़क किनारे गिर गया था। उसके सिर पर डिवाइडर के एंगल से चोट लगने की बात सामने आई है। चोट इतनी गंभीर थी कि काफी खून बह गया। गुरजीत के मुताबिक, सुबह के समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, जिसके चलते कुछ समय तक घायल युवक पर किसी की नजर नहीं पड़ी। बाद में वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने उसे देखा और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
3 बहनों का इकलौता भाई था
परमप्रीत तीन बहनों का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन के मौके पर परिवार को उसके घर पहुंचने का इंतजार था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे की खबर आ गई। दोस्त के मुताबिक, परमप्रीत के पिता बुजुर्ग हैं और ज्यादा काम नहीं कर पाते। ऐसे में घर की जिम्मेदारियों में परमप्रीत का बड़ा सहारा था। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। फिलहाल पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवा दिया है। CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here