Edited By Vatika,Updated: 11 May, 2026 11:33 AM

शहर के मशहूर 'चैम्पियन बिस्कुट' कारोबारी परिवार की साख उस समय मिट्टी में मिल गई
लुधियाना(राज): शहर के मशहूर 'चैम्पियन बिस्कुट' कारोबारी परिवार की साख उस समय मिट्टी में मिल गई, जब उनके घर की बहू ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तांत्रिक क्रियाओं जैसे रूह कंपा देने वाले आरोप लगाए।
6 फरवरी 2025 को हुई थी शादी
थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने पुलिस कमिश्नर के कड़े आदेशों पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दामिनी गुप्ता, सास अमिता गुप्ता और ससुर संजय गुप्ता को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। शिकायतकर्ता यामिनी, जो चंडीगढ़ रोड के सेक्टर-32ए की रहने वाली है, ने ससुराल पक्ष पर न केवल धोखाधड़ी बल्कि अश्लील हरकतों और 'ब्लैक मैजिक' के भी संगीन इल्जाम जड़े हैं। पीड़िता यामिनी के मुताबिक, उसकी शादी 6 फरवरी 2025 को दुगरी निवासी दामिनी गुप्ता के साथ हुई थी। शादी से पहले लड़के वालों ने खुद को करोड़ों का आसामी और दामिनी को उच्च शिक्षित बिजनेसमैन बताकर फर्जी डिग्री सर्टिफिकेट दिखाए थे। लेकिन सुहागरात के बाद जब हकीकत सामने आई तो यामिनी के पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि करोड़ों का टर्नओवर दिखाने वाला पति केवल 12वीं पास है और नशे का बुरी तरह आदी है। शादी के कुछ दिन बाद ही सुसरालियों का असली चेहरा सामने आने लगा और करोड़ों रुपए खर्च करवाने के बावजूद उनकी लालच की भूख शांत नहीं हुई।
पुलिस ने मुख्य तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
हैरतअंगेज खुलासा करते हुए पीड़िता ने बताया कि पूरा परिवार एक स्वयंभू बाबा के चंगुल में था। घर में अक्सर झाड़-फूंक और काला जादू किया जाता था। यामिनी पर दबाव बनाया जाता था कि वह उस कथित बाबा की पूजा करे और उसके दिए हुए रहस्यमयी पाउडर व दवाइयां खाए। जब उसने इस अंधविश्वास का विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि मई 2025 में आरोपियों ने 60 लाख रुपए और नई कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया, जबकि उसी दौरान कथित बाबा ने उसके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। किसी तरह ससुराल के चंगुल से निकलकर मायके पहुंची पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि ससुरालियों ने न केवल उसके गहने हड़प लिए, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शादी की फोटो और वीडियो तक डिलीट करवा दिए। फिलहाल पुलिस ने मुख्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों और उस 'पाखंडी बाबा' की तलाश में छापेमारी की जा रही है।