Edited By Kamini,Updated: 29 Jul, 2026 07:28 PM

पंजाब बीजेपी के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ एक बार फिर पंजाब सरकार को घेरते हुए नजर आ रहे हैं।
पंजाब डेस्क : पंजाब बीजेपी के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ एक बार फिर पंजाब सरकार को घेरते हुए नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (PSRLM) में हुई भर्ती में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि साम, दंड, भेद की नीति पर चलने का दावा करने वाले आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पंजाब का खजाना, स्थानीय निकाय चुनाव और राज्य की खनन व्यवस्था को लूटने के बाद अब सरकारी नौकरियों में भी लूट शुरू कर दी है।
इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा कि कट्टर ईमानदारी का चोला पहनने का दावा करने वाली आप सरकार के शासनकाल में पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के विज्ञापन संख्या 126, दिनांक 28-01-2026 के तहत हुई भर्ती में अनियमितताएं सामने आई हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब एक अभ्यर्थी माननीय हाईकोर्ट पहुंचा। हाईकोर्ट ने निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। उन्होंने सरकार से पूछा कि यह हेरफेर किसकी सिफारिश पर हुआ, इसके लिए किसकी जिम्मेदारी तय होगी और क्या संबंधित मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा लिया जाएगा?

सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब से बाहर कट्टर ईमानदारी का दिखावा करने वाले 'आप' नेता पंजाब आते ही नैतिकता और ईमानदारी को साम, दंड, भेद की राजनीति के झोले में डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री लगातार दावा कर रहे हैं कि पंजाब में बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के नौकरियां दी जा रही हैं, जबकि दूसरी ओर इसी सरकार के दौरान भर्ती में कथित धांधली के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ईमानदारी से नौकरियां देने के 'आप' सरकार के दावों में भी उतनी ही सच्चाई है, जितनी पंजाब में आधा दर्जन पेपर लीक होने के बावजूद पेपर लीक से इनकार करने के दावों में है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वास्तव में ईमानदारी की आड़ में 'आप' सरकार पंजाब को कथित रूप से बेईमानी और बेरहमी से लूट रही है और अब इस क्रम में बेरोजगार युवाओं के अधिकारों पर भी डाका डाला जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि इस मामले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी और संबंधित विभाग के मंत्री का इस्तीफा कब लिया जाएगा?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here