Edited By Subhash Kapoor,Updated: 29 Mar, 2026 06:44 PM

शहर के घूमन नगर बी में जीजा ने अपने साले को 2 गोलियां मार दीं, जिससे वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में थाना अनाज मंडी पटियाला की पुलिस ने दलजीत सिंह निवासी तफज्जलपुरा,...
पटियाला (बलजिन्द्र) : शहर के घूमन नगर बी में जीजा ने अपने साले को 2 गोलियां मार दीं, जिससे वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में थाना अनाज मंडी पटियाला की पुलिस ने दलजीत सिंह निवासी तफज्जलपुरा, थाना अर्बन एस्टेट पटियाला की शिकायत पर हरविंदर सिंह निवासी घूमन नगर बी पटियाला के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि हरविंदर सिंह उसका जीजा है और वह अक्सर उसकी बहन सुखविंदर कौर के साथ झगड़ा करता रहता है। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना। अब फिर उसकी बहन का फोन आया कि हरविंदर सिंह शराब के नशे में उसकी पिटाई कर रहा है। इस पर शिकायतकर्ता दलजीत सिंह अपने भाई बलजीत सिंह सहित परिवार के साथ वहां पहुंचा।
उन्होंने देखा कि घर का गेट बंद था और उसकी बहन अंदर खड़ी थी। उसने बताया कि हरविंदर सिंह ने गेट को ताला लगाकर चाबी अपने पास रखी है और खुद छत पर चढ़ गया है। जब दलजीत सिंह ने उसे गेट खोलने के लिए कहा, तो गुस्से में आकर हरविंदर सिंह ने अपने लाइसैंसी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली बलजीत सिंह की दाईं छाती में और एक दाईं जांघ में लगी, जबकि 3-4 गोलियां आसपास लगीं। घायल बलजीत सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया।