भीषण गर्मी से पंजाब में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर, लगातार दूसरे दिन 14 हजार मेगावाट पार

Edited By Vatika,Updated: 21 May, 2026 10:20 AM

punjab powercomm

पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है।

पटियाला (परमीत): पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। लगातार दूसरे दिन राज्य में बिजली की मांग 14 हजार मेगावाट के पार दर्ज की गई। दोपहर के समय तापमान बढ़ने के साथ लोगों ने बड़े पैमाने पर एयर कंडीशनर और कूलर का इस्तेमाल किया, जिसके चलते बिजली की मांग बढ़कर 14,080 मेगावाट तक पहुंच गई।

बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने राज्य के सभी प्रमुख बिजली उत्पादन स्रोतों से सप्लाई बढ़ा दी है। इसमें रोपड़ स्थित गुरु गोबिंद सिंह सुपर थर्मल प्लांट, लहरा मोहब्बत स्थित गुरु हरगोबिंद थर्मल प्लांट, गोइंदवाल साहिब थर्मल प्लांट के अलावा राजपुरा और तलवंडी साबो के निजी थर्मल प्लांट शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में बिजली की मांग में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। 1 जून से धान की रोपाई का सीजन शुरू होने के बाद बिजली की खपत 18 हजार मेगावाट से भी अधिक पहुंच सकती है। बिजली क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी और कृषि सीजन एक साथ आने से पावर सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ना स्वाभाविक है। ऐसे में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए पहले से पर्याप्त इंतजाम करना जरूरी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!