Edited By Sunita sarangal,Updated: 20 Jul, 2026 04:50 PM

बारीकी से जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर के रास्ते शटर को ऊपर उठाकर अंदर दाखिल हुए थे
संगरूर(सिंगला): संगरूर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले पटियाला गेट क्षेत्र में गत रात अज्ञात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। थाना सिटी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित कोऑपरेटिव बैंक के पास 'विमैंस वर्ल्ड ब्यूटी पैलेस' को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान से शादी के लिए रखे नए नोटों के हार, गल्ले में पड़ी नकदी और गौशाला के दानपात्र (गल्ले) से पैसे व अन्य कीमती सामान उड़ा लिया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदार व समाजसेवी गोपाल दास गोयल, उदेश कुमार गोयल और निशांत गोयल ने बताया कि वे शनिवार/रविवार की दरमियानी रात को अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। सुबह जब उन्होंने दुकान खोली, तो सारा सामान बिखरा हुआ था और गल्ला टूटा पड़ा था। उन्होंने जब सी.सी.टी.वी. कैमरे चेक किए, तो वे रात करीब 12:45 बजे बंद पाए गए।
बारीकी से जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर के रास्ते शटर को ऊपर उठाकर अंदर दाखिल हुए थे। चोरों ने शातिर तरीके से सबसे पहले बिजली सप्लाई और कैमरों के तार काटे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद निचली मंजिलों पर आकर उन्होंने चोरी की। दुकानदारों के अनुसार इस वारदात में करीब 1 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है, जबकि अन्य सामान का मिलान अभी किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी संगरूर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान के अंदर-बाहर और आस-पास के इलाकों की गहनता से जांच की। पुलिस ने आसपास के सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here