सरहद पर BSF जवानों संग मनाया रक्षाबंधन, बहनों ने बांधी राखी

Edited By Vatika,Updated: 28 Aug, 2026 12:51 PM

raksha bandhan celebrated with bsf jawans at the border sisters tied rakhis

सरहदी लोक सेवा समिति (पंजाब) की ओर से रक्षाबंधन का पवित्र पर्व भारत-पाकिस्तान सीमा पर देश की

बटाला/कलानौर(बेरी, मनमोहन): सरहदी लोक सेवा समिति (पंजाब) की ओर से रक्षाबंधन का पवित्र पर्व भारत-पाकिस्तान सीमा पर देश की रक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के बहादुर जवानों के साथ श्रद्धा, उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। समिति के करीब 40 से 50 पदाधिकारियों, सदस्यों, माताओं और बहनों ने सीमावर्ती चौकियों तथा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर परिसर में पहुंचकर जवानों की कलाई पर राखियां बांधीं और उनका मुंह मीठा करवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बहनों ने बी.एस.एफ. जवानों को राखी बांधते हुए उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश की रक्षा करते हुए सदैव सुरक्षित रहने की प्रार्थना की।

वहीं जवानों ने भी बहनों के स्नेह और सम्मान को स्वीकार करते हुए देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दोहराया। सरहदी लोक सेवा समिति के प्रांत मंत्री नीरज कुमार ढोला ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व ही नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला त्यौहार भी है। नीरज कुमार ढोला ने कहा कि हमारे जवान गर्मी, सर्दी, बारिश और तमाम कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की सुरक्षा में डटे रहते हैं, ताकि देश के करोड़ों नागरिक अपने घरों में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि जवानों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता।

रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बांधना समिति की ओर से जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समिति के सभी कार्यकर्ताओं ने सी.ओ. गुरदासपुर संजीव कुमार का विशेष रूप से धन्यवाद किया। समिति ने कहा कि बी.एस.एफ. अधिकारियों एवं जवानों के सहयोग के बिना इस आत्मीय कार्यक्रम को इतने बेहतर ढंग से आयोजित करना संभव नहीं था। इस दौरान असिस्टैंट कमांडैंट नमन सिंह, इंस्पैक्टर रवि रंजन तथा प्रभारी नूतन सहित अन्य बी.एस.एफ. अधिकारियों और जवानों ने भी कार्यक्रम में सहयोग दिया। अधिकारियों एवं जवानों ने बहनों से रक्षासूत्र बंधवाकर इस पवित्र रिश्ते की भावनाओं का सम्मान किया और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सरहदी लोक सेवा समिति के उपाध्यक्ष अरुण शर्मा (रिटायर्ड कमांडैंट), जिला प्रधान सुरिंदर कपूर, प्रांत मंत्री नीरज कुमार ढोला, कैशियर राजकुमार, तरसेम लाल, रमेश मारवाह, सूरज कुमार, गोविंदा, लक्ष्य, दक्ष, लव, अजय कुमार तथा पूर्णकालिक बोध राज चंकूत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा माताओं-बहनों और बच्चों में ममता, रेनू, रितिका, राधा, रेखा एवं रजनी बाला ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बी.एस.एफ. जवानों की कलाई पर राखियां बांधकर उनकी सुरक्षा और दीर्घायु की कामना की तथा देश की सीमाओं की रक्षा में उनके योगदान को नमन किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और देशवासियों के बीच रिश्ता केवल कर्तव्य का नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और भावनाओं का भी है।

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!