Edited By Vatika,Updated: 15 May, 2026 02:14 PM

पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग द्वारा अहम जानकारी सामने आई है।
पंजाब डेस्कः पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग द्वारा अहम जानकारी सामने आई है। विभाग की ओर से आज राज्य के 6 जिलों में गरज-चमक और बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
जिला बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार जिला पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और मुक्तसर में कई जगहों पर तेज बारिश और आंधी आने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा 16 से 20 मई तक पंजाब के कई इलाकों में भीषण गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक गुरुवार की तुलना में तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बात करे सबसे गर्म जिले की तो जिला बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं के कमजोर पड़ने के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है। वहीं 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।