Edited By Urmila,Updated: 28 Feb, 2026 01:28 PM

प्रदेश की जेलों में विगत कुछ महीनों के दौरान लगातार हो रही नशे की बरामदगी तथा गैंगवार की घटनाओं ने जहां पंजाब जेल प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
कपूरथला (भूषण, महाजन, मल्होत्रा): प्रदेश की जेलों में विगत कुछ महीनों के दौरान लगातार हो रही नशे की बरामदगी तथा गैंगवार की घटनाओं ने जहां पंजाब जेल प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वहीं जेल में चल रहे ड्रग नैटवर्क ने ‘आप’ पार्टी की सरकार के सभी दावों को पूरी तरह से खोखला साबित कर दिया है।
गौरतलब है कि मार्च-2022 में प्रदेश की सत्ता संभालते वक्त आम आदमी पार्टी की सरकार ने प्रदेश की जेलों को नशों तथा गैंगवार से मुक्त करवाने के दावे करते हुए प्रदेश की जेलों को सचमुच में सुधार घर बनाने का वायदा किया था, लेकिन अपने सभी दावों पर उल्टा पड़ने वाली ‘आप’ की सरकार प्रदेश की जेलों में लगातार बरामद हो रहे ड्रग, फिरौती नैटवर्क तथा गैंगवार की घटनाओं के कारण बचाव की मुद्रा में जाकर खड़ी हो गई है।
प्रदेश की जेलों से कई बड़े ड्रग तस्करों तथा गैंगस्टरों द्वारा बाहरी दुनिया में बैठे अपने साथियों की मदद से नशे का काला कारोबार चलाने तथा फिरौती जैसी घटनाओं को अंजाम देने के लगातार आ रहे मामलों के बाद यह साबित हो गया है कि प्रदेश की जेलें अब खतरनाक अपराधियों का अड्डा बन गई हैं।
वर्णनीय हैं कि पिछले दिनों केंद्रीय जेल जालंधर व कपूरथला में ड्रोन के जरिए नशे की खेप के पहुंचने के मामले ने प्रदेश की सुरक्षा एजैंसियों को हिला दिया था। जिसके पश्चात पंजाब सरकार ने जेलों में नशों तथा अपराधियों के खिलाफ बड़ी मुहिम चलाने की बात कही थी। लेकिन यह सभी वायदे कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रहे हैं।
प्रदेश की ज्यादातर जेलों में चैकिंग के दौरान बरामद हो रही नशे की खेप तथा पंजाब पुलिस द्वारा पकड़े गए कई अपराधिक नैटवर्क के तार जेलों में बंद गैंगस्टरों से जुड़ने के मामले सामने आने से यह साबित हो गया है कि अब प्रदेश की जेलें समाज विरोधी तत्वों की सुरक्षित पनाहगाह बन गई है, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार के पास दावों के अलावा कुछ नहीं है।
आंकड़ों के अनुसार पिछले 4 वर्षों के दौरान प्रदेश की जेलों में जहां हजारों मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, वहीं नशे की भारी भरकम खेप की रिक्वरी हुई है। लेकिन इसके बावजूद भी प्रदेश की जेलों में चल रहे अपराध तथा नशा नैटवर्क को खत्म करने की दिशा में आम आदमी पार्टी की सरकार ने कोई पुख्ता कदम नहीं उठाया है जिसके कारण ही जेलों में बंद अपराधी बड़ी आसानी से मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर बाहरी दुनिया में बैठे अपने साथियों से जहां लगातार सम्पर्क कर रहे हैं, वहीं नशे की तस्करी के लिए अपनी पूरी प्लानिंग तैयार कर रहे हैं।
वहीं कई मामलों में तो कुछ कारोबारियों को तो जेलों में बंद गैंगस्टरों ने फिरौती के लिए धमकियां तक दी हैं। लेकिन ऐसे कई मामलों में अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर संबंधित कारोबारियों ने पुलिस को शिकायत भी दर्ज नहीं करवाई है।
केन्द्रीय जेल जालंधर व कपूरथला में विगत रात्रि सी.आर.पी.एफ. तथा जेल पुलिस ने चैकिंग के दौरान एक हवालाती पवन कुमार उर्फ हट्टन उर्फ कन्नू पुत्र सुरिन्दर कुमार निवासी जालंधर से 19 ग्राम नशीला पदार्थ तथा 80 ग्राम भांग बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here