Edited By Vatika,Updated: 16 Oct, 2026 11:58 AM

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और ए.आई.सी.सी. के महासचिव सचिन पायलट आज से
चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और ए.आई.सी.सी. के महासचिव सचिन पायलट आज से 20 अक्टूबर तक पंजाब के 5 दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य के अलग-अलग जिलों में गैंगस्टर हिंसा में अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार, यह दौरा मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर समेत कई जिलों में होगा। पायलट इन जिलों में पीड़ित परिवारों के घर जाकर उनसे बातचीत करेंगे। इस दौरान वह आपराधिक घटनाओं, पुलिस की कार्रवाई और राज्य सरकार की प्रतिक्रिया के बारे में भी जानकारी लेंगे। कांग्रेस इस दौरे के जरिए पीड़ित परिवारों की आवाज जनता और राज्य सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करेगी। पार्टी ने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां न्याय की मांग संबंधित अदालतों के सामने भी उठाई जाएगी। इस दौरान पायलट पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति का मुद्दा भी उठाएंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी पर क्या बोले पायलट?
पंजाब की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चल रही अटकलों के बीच सचिन पायलट ने कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है। पायलट ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें लंबे समय से व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और उनके साथ काम भी कर चुके हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब की अच्छी सेवा की है और वह बड़े कद के नेता हैं। हालांकि, पायलट ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उनकी कैप्टन अमरिंदर सिंह से कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है।