Edited By Vatika,Updated: 23 Oct, 2026 10:05 AM

नशों के खिलाफ संघर्ष करने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद इंसाफ की मांग को लेकर चल
मानसा: नशों के खिलाफ संघर्ष करने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद इंसाफ की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच निहंग सिंह नेता बाबा राजा राज सिंह ने झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर को विधानसभा चुनाव लड़ने की अपील की है। उनकी इस अपील के बाद पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। परविंदर सिंह झोटा नशों के खिलाफ अपनी गतिविधियों के कारण जाने जाते थे। उनकी हत्या के बाद मानसा में परिवार, नशा विरोधी टास्क फोर्स के युवाओं, किसानों, मजदूरों और अन्य जन संगठनों की ओर से इंसाफ की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। इस दौरान पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे की मांग
झोटा के परिवार और एक्शन कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे सहित कई मांगें उठाई जा रही हैं। इसके अलावा हत्या मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की जा रही है। इन मांगों को लेकर प्रशासन और एक्शन कमेटी के बीच कई बैठकें हो चुकी हैं। हालांकि, प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण संघर्ष जारी है।
2027 के चुनाव को लेकर चर्चा तेज
इसी बीच बाबा राजा राज सिंह की ओर से मनप्रीत कौर को विधानसभा चुनाव लड़ने की अपील ऐसे समय में आई है, जब पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। उनकी इस अपील को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, मनप्रीत कौर और उनके परिवार की ओर से चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई फैसला सामने नहीं आया है। फिलहाल परिवार की प्राथमिकता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ हासिल करना है। ऐसे में अब देखना होगा कि बाबा राजा राज सिंह की अपील पर परिवार क्या रुख अपनाता है।