Edited By Vatika,Updated: 17 Mar, 2026 11:10 AM

महानगर के ऑटोमोबाइल सेक्टर से एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने
लुधियाना(राज): महानगर के ऑटोमोबाइल सेक्टर से एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शहर के प्रसिद्ध 'किया शोरूम' (Kia Showroom) में तैनात एक महिला कैशियर ने अपनी ही कंपनी की आंखों में धूल झोंकते हुए लाखों-करोड़ों के गबन को अंजाम दे डाला। अकाउंट्स डिपार्टमेंट के ऑडिट में जब परतों दर परत राज खुले, तो शोरूम प्रबंधन के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस को दी गई शिकायत में इंद्र मोहन पाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला पूजा यादव को 8 अक्टूबर 2025 को लुधियाना स्थित किया शोरूम में कैशियर के तौर पर ट्रांसफर किया गया था। पूजा पर बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन उसने अपनी कुर्सी का फायदा उठाते हुए बिलिंग और रसीदों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब कंपनी के अकाउंट्स विभाग ने बारीकी से ऑडिट किया, तो पूजा की जालसाजी का कच्चा चिट्ठा सामने आ गया।जांच में पता चला कि आरोपी महिला ने न केवल फर्जी और डुप्लीकेट रसीदें बनाईं, बल्कि एक ही यूटीआर (UTR) नंबर का इस्तेमाल कर कई-कई रसीदें काट डालीं। इस शातिराना तरीके से वह ग्राहकों से मिलने वाली रकम को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपनी जेब में डालती रही। पुलिस ने पीजीडी (PGD) नंबरों के आधार पर की गई लंबी पड़ताल के बाद अब पूजा यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।