Edited By Vatika,Updated: 09 Aug, 2026 02:05 PM

कपूरथला के कस्बा काला संघियां के मुख्य बाजार में देर रात एक कपड़ा कारोबारी की दुकान और उस
कपूरथला: कपूरथला के कस्बा काला संघियां के मुख्य बाजार में देर रात एक कपड़ा कारोबारी की दुकान और उसके ऊपर बने मकान पर गोलियां चलाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुख्य बाजार में कपड़ा कारोबारी कुलदीप कुमार लूंबा की दुकान के बाहर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने दुकान और उसके ऊपर बने मकान पर कई गोलियां चलाईं। CCTV फुटेज में आरोपी करीब चार राउंड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
गोलियों की आवाज सुनकर परिवार को जगाया
गोलियों की आवाज सुनकर मुख्य बाजार में ड्यूटी कर रहे पहरेदारों ने कुलदीप लूंबा और उनके परिवार को जगाया। इसके बाद उन्होंने गांव के गणमान्य लोगों को मौके पर बुलाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही काला संघियां पुलिस चौकी और थाना सदर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। थाना प्रभारी मेजर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से तीन गोलियों के खोल बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान एक गोली दुकान के शटर को चीरते हुए शीशे में जा लगी, जिससे दुकान का शीशा टूट गया। हालांकि परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, काला संघियां पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस CCTV फुटेज और अन्य माध्यमों की मदद से संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।