Edited By Kamini,Updated: 02 Dec, 2025 07:12 PM

कैब में सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
पंजाब डेस्क : कैब में सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। देश की जानी-मानी राइड-हेलिंग कंपनी OLA ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पूरे भारत में अपनी Non-AC कैब सर्विस की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने मंगलवार 2 दिसंबर 2025 को इस नई सुविधा का औपचारिक ऐलान किया। इसके साथ ही OLA देश की पहली ऐसी कैब सर्विस कंपनी बन गई है, जो यात्रियों को बड़े पैमाने पर Non-AC कैब बुक करने का विकल्प दे रही है।
लोगों को मिलेगा खूब लाभ
आज तक कैब सेवाओं में AC या Non-AC चुनने का विकल्प उपलब्ध नहीं था। ऐप पर दिखने वाले किराए में एसी का शुल्क स्वतः शामिल रहता था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कई यात्री लगातार शिकायत कर रहे थे कि ड्राइवर AC चलाने से मना कर देते हैं, जबकि किराया पूरा लिया जाता है। नया विकल्प इन समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जहां यात्री कम किराए में Non-AC कैब का चयन कर सकेंगे।
ओला कंज़्यूमर के प्रवक्ता ने नई सर्विस को लेकर कहा कि यह पहल उन लाखों लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जो रोजाना किफायती यात्रा पर निर्भर रहते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि Non-AC कैब लॉन्च होने के बाद कंपनी को शुरुआती स्तर पर बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। यह दर्शाता है कि लोग सस्ता, स्पष्ट और उपयुक्त मूल्य वाली यात्रा सेवाएं चाहते हैं।
ड्राइवरों को भी होगा फायदा
- कंपनी ने बताया कि नई सेवा से ड्राइवरों के लिए भी कमाई के अवसर बढ़ेंगे।
- ड्राइवर उन ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे जो कम किराए वाली यात्रा चाहते हैं।
- Non-AC राइड में ईंधन की बचत होगी।
- AC कम चलने से मेटेनेंस कॉस्ट घटेगी और ड्राइवर की कमाई बढ़ सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here