रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदाम में  भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Edited By Vatika,Updated: 12 Nov, 2026 08:30 AM

fire in moga

मोगा के पॉश इलाके धर्म सिंह नगर में आज देर शाम उस समय दहशत का माहौल बन ग

मोगा (कशिश): मोगा के पॉश इलाके धर्म सिंह नगर में आज देर शाम उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब मोहल्ले के अंदर स्थित कबाड़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में पड़ा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। कबाड़ में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग लगते ही धुएं के घने गुबार आसमान में उठने लगे। इससे आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की घटना का पता चलते ही मोहल्ला निवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की भयावहता और कबाड़ में मौजूद प्लास्टिक के कारण उस पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने लगातार पानी की बौछारें मारकर आग को ठंडा किया और आखिरकार उस पर काबू पा लिया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी अरविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई थी। गोदाम में कबाड़ के साथ प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री पड़ी होने के कारण आग लगने के बाद काफी धुआं उठ रहा था। आग बुझाने के साथ-साथ इसे आसपास फैलने से रोकना भी जरूरी था, क्योंकि गोदाम के नजदीक रिहायशी मकान और वाहन खड़े थे। इसके लिए छोटी और अतिरिक्त फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद भी ली गई। कुछ गाड़ियों द्वारा लगातार पानी डाला गया, जबकि अन्य गाड़ियों को पानी भरने के लिए भेजा गया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम समय पर पहुंचने के कारण आसपास के क्षेत्र में होने वाले बड़े नुकसान को टाल दिया गया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का सही अनुमान नहीं लगाया जा सका है।

रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदाम को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद रिहायशी इलाके के अंदर कबाड़ के गोदामों और कूड़े के ढेरों को रखने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फायर ब्रिगेड अधिकारी के अनुसार, ऐसे स्थानों पर आग लगने का खतरा बना रहता है और इस संबंध में पहले भी संबंधित लोगों को सचेत किया जा चुका था। अब इस मामले को प्रशासन के ध्यान में लाने की बात कही गई है, ताकि रिहायशी इलाकों में कबाड़ के ऐसे ढेरों के कारण भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!