Edited By Kalash,Updated: 25 Apr, 2026 12:04 PM

केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं के डीलरों की समस्याओं का समाधान ना किए जाने के चलते ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन द्वारा विरोध का ऐलान किया गया है।
तलवंडी भाई (पाल): केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं के डीलरों की समस्याओं का समाधान ना किए जाने के चलते ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन द्वारा विरोध का ऐलान किया गया है। एसोसिएशन द्वारा 27 अप्रैल सोमवार को पूरे भारत में अपने-अपने कारोबार बंद रखकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का फैसला लिया गया है। इस बंद को समर्थन देने के लिए एग्री इनपुट डीलर्स एसोसिएशन जिला फिरोजपुर की एक जरूरी वर्चुअल मीटिंग हुई। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रधान विकास गल्होत्रा ने बताया कि डीलरों की मांगें जैसे कि खाद के साथ अन्य अनावश्यक सामग्री बंद करना, खाद को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के खुदरा दुकानदारों तक पहुंचाना, डीलर के लिए खाद के मार्जिन में बढ़ोतरी करना, खाद की बिक्री के लिए लाई जा रही ई-टोकन प्रणाली बंद करना आदि शामिल हैं।
इसके अलावा खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं के नमूने यदि गैर-स्तरीय पाए जाते हैं, तो केवल उत्पादक कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना और डीलर को सिर्फ गवाह के तौर पर रखना सहित अन्य मांगें भी हैं, जोकि कानूनी तौर पर भी जायज हैं। सरकार से इन मांगों को मनवाने के लिए बंद का आह्वान किया गया है, जिसमें जिला फिरोजपुर की सभी मंडियों से काफी उत्साह मिल रहा है।
एसोसिएशन के नेताओं ने सभी डीलरों से अपील की है कि इस दिन अपनी दुकानों को बंद रखकर इस बंद को पूरी तरह सफल बनाएं। इस मौके पर पेस्टिसाइड एसोसिएशन के प्रधान तरसेम वत्ता, नरिंदरजीत सिंह, अश्वनी गुलाटी, नरेश कुमार, महेंद्र पाल ढल्ल, सोनू गोयल, जगदीश गोयल, जगदीश अनेजा, जगजोत, नत्था सिंह बराड़, जतिंदर सिंह आदि मौजूद थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here