Edited By Kalash,Updated: 22 Feb, 2026 10:56 AM

बिजली बिलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने खरड़ समेत पांच डिवीजनों में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।
खरड़ (रणबीर, अमरदीप): बकाया बिजली बिलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने खरड़ समेत पांच डिवीजनों में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान जहां करीब 1.29 करोड़ रुपये की वसूली की गई, वहीं बकाया बिल न भरने वाले 1014 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थाई तौर पर काट दिए गए। पावरकॉम द्वारा ये अभियान मुख्य इंजीनियर साउथ जोन आर.के. मित्तल और डिप्टी मुख्य इंजीनियर डीएस सर्कल रोपड़ मोहित सूद की निगरानी में चलाया गया।
यह कार्रवाई खरड़, कुराली, समराला, रोपड़ और आनंदपुर साहिब डिवीजनों में एक साथ शुरू की गई, जिसका मकसद लंबे समय से बकाया रकम की वसूली कर निगम की रेवेन्यू स्थिति को मजबूत करना है। इस बारे में इंजीनियर इंदरप्रीत सिंह (ए.एस.ई.) खरड़ ने बताया कि 315 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाया बिल जमा करवाए, जिससे कॉर्पोरेशन को करीब 1.29 करोड़ रुपये की कमाई हुई। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने बार-बार नोटिस देने के बाद भी भुकतान नहीं किया, उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं और इन डिफॉल्टर्स पर करीब 3.7 करोड़ रुपये बकाया हैं।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बकाया बिल तुरंत जमा कर दें, नहीं तो बिना किसी आगामी सूचना के कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कंज्यूमर्स को बताया कि ‘पी.एस.पी.सी.एल. कंज्यूमर’ ऐप के जरिए बिजली बिलों का ऑनलाइन भुगतान, बिल की जानकारी प्राप्त करने, शिकायत दर्ज करने और अन्य सेवाओं का लाभ आसानी से लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले धान और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों की विशाल स्तर पर मेंटेनेंस और क्षमता बढ़ाने का काम किया गया है ताकि किसानों और अन्य खपतकारों को भरोसेमंद बिजली सप्लाई मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here