Edited By Vatika,Updated: 08 Apr, 2026 02:19 PM

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज आत्महत्या कर चुके
अमृतसर: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज आत्महत्या कर चुके डी.एम. गगनदीप सिंह रंधावा के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे न्याय मिलने तक उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
आरोपियों की मदद कर रही पुलिस
मीडिया से बातचीत करते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय की उम्मीद करना मुश्किल है, क्योंकि आरोपी एक विधायक है और मंत्री भी रह चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय दबाव में काम कर रही है और आरोपियों की मदद कर रही है।
लालजीत सिंह भुल्लर पर लगाए आरोप
बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि मुख्य आरोपी लालजीत सिंह भुल्लर को पुलिस द्वारा ‘VIP ट्रीटमैंट दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डी.एम. रंधावा की पत्नी पहले ही आरोप लगा चुकी हैं कि इस मामले में केवल लालजीत सिंह भुल्लर ही नहीं, बल्कि उनके पिता, PA और 3-4अन्य लोग भी शामिल हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि पुलिस ने अब तक किसी के खिलाफ कोई छापेमारी नहीं की और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है। मजीठिया ने कहा कि पीड़ित परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, इसलिए परिवार की मुख्य मांग है कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जांच किसी केंद्रीय एजेंसी को नहीं सौंपी जाती, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी और परिवार को न्याय नहीं मिल पाएगा।