Edited By Kalash,Updated: 31 Aug, 2026 11:14 AM

शहर के अति व्यस्त और मुख्य बस स्टैंड परिसर के भीतर से तड़के एक निजी बस चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं।
फगवाड़ा (जलोटा): शहर के अति व्यस्त और मुख्य बस स्टैंड परिसर के भीतर से तड़के एक निजी बस चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं। बेखौफ चोर ने बस स्टैंड के अंदर खड़ी एक निजी कंपनी की बस को चुराया और तेज रफ्तार में भगा ले गया। हालांकि गनीमत यह रही हैं कि पुलिस की मुस्तैदी से कुछ ही घंटों के भीतर चोरी हुई बस को जी.टी रोड पर अमृतसर मार्ग पर स्थित हमीरा के पास से बरामद कर लिया गया है। जबकि सूत्रों का दावा हैं कि आरोपी चोर को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी अनुसार निजी कंपनी की बस के कंडक्टर पवन कुमार ने बताया कि वे बीती रात करीब 8:00 बजे अपनी बस को रोज की तरह बस स्टैंड के भीतर खड़ी करके लॉक कर अपने घर चले गए थे। सुबह जब वे करीब पौने पांच बजे ड्यूटी पर पहुंचे तो बस स्टैंड में खड़ी अन्य बस के चालक ने उन्हें शिकायत दी कि उनकी बस का ड्राइवर दूसरी बस का शीशा तोड़कर गाड़ी तेजी से ले गया हैं। जब पवन कुमार ने अपने मूल ड्राइवर से फोन पर सम्पर्क किया तो पता चला कि वह तो अपने घर पर आराम कर रहा है। इसके तुरंत बाद बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया और उन्हें अहसास हुआ कि उनकी बस चोरी हो चुकी है।
बस स्टैंड में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह करीब चार बजे जब वे सो रहे थे तभी अचानक एक अज्ञात व्यक्ति खड़ी बस को स्टार्ट कर अत्यधिक तेज रफ्तार में भगाकर ले गया। बस को इतनी तेजी से ले जाया गया कि स्टैंड में खड़ी दूसरी बस को भी क्षति पहुंची और उसका शीशा टूट गया। इस घटना की भनक लगते ही बस के मालिक को सूचित किया गया। कंडक्टर और मालिक ने तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तुरंत आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
सी.सी.टी.वी. फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने जी.टी रोड पर घेराबंदी की। मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हमीरा के पास बस को रोक लिया। पुलिस ने मौके से ही बस को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा इसे चुराकर भाग रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस त्वरित पुलिस कार्रवाई से बस मालिकों और बस स्टैंड के अन्य कर्मचारियों ने राहत की सांस ली हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही हैं कि उसने इस वारदात को अंजाम देने के लिए मास्टर चाबी का इस्तेमाल किया था या बस में ही चाबी छूटी हुई थी। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस बेहद रोचक और सनसनीखेज मामले को लेकर फगवाड़ा पुलिस द्वारा आधिकारिक तौर पर मीडिया के साथ हाल फिलहाल किसी भी तरह की कोई जानकारी सांझी नहीं की गई हैं?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here