Edited By Vatika,Updated: 27 Feb, 2026 03:42 PM

पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है।
मानसा/चंडीगढ़: पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ताजा मामला जिला मानसा के सरदूलगढ़ से सामने आया है, जहां शैलर रोड पर आज सुबह जसवीर कुमार उर्फ काका और उसके मुनीम बलदेव की हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
मजीठिया ने आरोप लगाया कि एडहॉक डीजीपी नशों के खिलाफ रैलियों में केवल सरकार की तारीफ करने और पंजाब के युवाओं के ‘फर्जी एनकाउंटर’ करने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस कर्मचारी प्री-वेडिंग शूट में एक्टिंग करने में लगे हुए हैं। मजीठिया ने इस स्थिति के लिए राज्य के गृह मंत्री और एडहॉक डीजीपी को जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है। उनका कहना है कि पंजाब को इस समय एक काबिल और स्थायी (परमानेंट) डीजीपी की सख्त जरूरत है, जो केवल अपनी कुर्सी बचाने के लिए सरकार के इशारों पर न चले, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था को सही तरीके से संभाल सके।