Edited By Kamini,Updated: 10 Apr, 2025 06:57 PM

जांच में पता चला कि उनके पास उनकी आय के स्रोतों से 1.83 करोड़ रुपये अधिक की प्रॉपर्टी थी।
बठिंडा : नगर निगम बठिंडा के कार्यकारी इंजीनियर (कार्यकारी अभियंता) गुरप्रीत सिंह बुट्टर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति मामले में पिछले डेढ़ महीने से फरार चल रहे बुट्टर को अब स्थानीय निकाय विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तेजवीर सिंह ने गुरुवार को एक आदेश जारी कर गुरप्रीत सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। आदेशों में कहा गया है कि यह कार्रवाई 15 फरवरी 2025 को दर्ज एफआईआर नंबर 7 में निहित आरोपों के चलते की गई है।
सस्पेंड अवधि के दौरान गुरप्रीत सिंह का मुख्यालय चंडीगढ़ स्थित स्थानीय निकाय विभाग का मुख्यालय रहेगा। उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा ने गुरप्रीत सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। जांच में पता चला कि उनके पास उनकी आय के स्रोतों से 1.83 करोड़ रुपये अधिक की प्रॉपर्टी थी।
सुप्रीम कोर्ट और एक स्थानीय अदालत द्वारा उसकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद गुरप्रीत सिंह अब फरार हो गया है। विजिलेंस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और उसके करीबी रिश्तेदारों व परिचितों पर नजर रख रही है। अब उनके पास 2 ही विकल्प बचे हैं या तो सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर करें या फिर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट भी हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रख सकता है, जिससे आरोपियों को राहत मिलना मुश्किल हो सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here