Edited By Subhash Kapoor,Updated: 07 Apr, 2026 09:54 PM
भारतीय जनता पार्टी का 47 वां स्थापना दिवस श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरेवाल में भव्यता व उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वर्कर्स व ग्रामीण सैलाब के रूप में शामिल हुए व इलाके के हित में एकजुटता का प्रदर्शन किया।
श्री आनंदपुर साहिब/नंगल : भारतीय जनता पार्टी का 47 वां स्थापना दिवस श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरेवाल में भव्यता व उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वर्कर्स व ग्रामीण सैलाब के रूप में शामिल हुए व इलाके के हित में एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने अपने संबोधन में पंजाब में एकता व भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया व अपने अनुभवपूर्ण विचारों से वर्कर्स का मार्गदर्शन किया। उन्होंने जिला रूपनगर से भाजपा के प्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में सफलता प्राप्त करने वाले डा. सुभाष शर्मा की दूरदर्शिता व समय के सदुपयोग से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखने को मिला है जब सुभाष शर्मा जैसे किसी प्रत्याशी ने चुनाव में असफल होने के बाद भी मतदाताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए पूरी निष्ठा से सेवा कार्य जारी रखे हुए हैं।
अश्विनी शर्मा ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब की धरती पूरे पंजाब में विशेष सम्मान रखती है व गुरुओं के पुत्रों के बलिदान का इतिहास समाज को सेवा, त्याग व समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में राजनीति करने वाले लोगों को इस बलिदानी इतिहास से सीख लेनी चाहिए व समाज के प्रति समर्पण भाव अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठकर पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को तोड़ने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन ऐसी ताकतें कभी सफल नहीं होंगी क्योंकि पंजाब का इतिहास एकता, भाईचारे व मानवता की सेवा का जीवंत उदाहरण है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब देश के विभिन्न प्रांतों में पंजाब के बलिदान के इतिहास को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां राष्ट्रीय सोच पर आधारित हैं, यही कारण है कि पार्टी ने संघर्ष के दौर से निकलकर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने वर्कर्स से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ पार्टी हित में कार्य करते रहें, तभी देश का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।
इस मौके पर भाजपा जिला रूपनगर के अध्यक्ष अजय वीर सिंह लालपुरा, श्री आनंदपुर साहिब से भाजपा के जनप्रतिनिधि डा. परमिंदर शर्मा, पूर्व जिला प्रधान जितेंद्र सिंह अठवाल, महामंत्री मुकेश नड्डा, विजय पुरी, भनुपली मंडल के प्रधान मोहित शर्मा, पूर्व अध्यक्ष दिनेश जोशी, नंगल क्षेत्र से एडवोकेट राकेश मार्कन, श्याम सुंदर रंगा, हरमनजीत प्रिंस, विवेक शर्मा, मुकेश सहोड़, बलजिंदर सोनी, रमन शर्मा व शोभा राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
40 वर्षों की अनदेखी से जूझ रहे क्षेत्र में बेरोजगारी खत्म करने के लिए केंद्र तक प्रयास जारी: डा. सुभाष शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में पंजाब भाजपा के उप प्रधान डा. सुभाष शर्मा ने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र व नंगल की 40 वर्षों से चली आ रही अनदेखी, बढ़ती बेरोजगारी व लंबित समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए कहा कि इनके समाधान के लिए उनकी लड़ाई लगातार जारी है व इन मुद्दों को केंद्र स्तर तक मजबूती से उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार के उपक्रम नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड व भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड में रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें साकार करने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने केंद्रीय रसायन मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया है व आगे भी हिमाचल के जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर केंद्र तक इस मुद्दे को पहुंचाया जाएगा। डा. सुभाष शर्मा ने नंगल के लंबे समय से लंबित लीज मसले पर कहा कि इसका समाधान लगभग अंतिम चरण तक पहुंच चुका था, लेकिन पंजाब सरकार ने बीबीएमबी की जमीन पर दावा जताकर इसमें बाधा उत्पन्न कर दी।


उन्होंने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा से आग्रह किया कि श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में पंजाब सरकार से तो कुछ होने वाला नहीं है इसलिए वे केंद्र सरकार के समक्ष इन उपक्रमों के विस्तार का मुद्दा मजबूती से उठाएं, ताकि क्षेत्र में बेरोजगारी को समाप्त किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि नंगल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने भी न तो इलाके के लिए कोई बड़ी घोषणा की व न ही इस अहम मुद्दे पर स्पष्टता दी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वां नदी में बरसात के दौरान किसानों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए भी पंजाब सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि नंगल में एनएफएल व बीबीएमबी की खाली पड़ी जमीन का सही उपयोग कर रोजगार के नए साधन विकसित किए जा सकते हैं व एनएफएल के विस्तार के लिए भी प्रयास जारी हैं।