Edited By Vatika,Updated: 30 Jul, 2026 09:44 AM

पंजाब के कृषि मंत्री के भांजे की गाड़ी के चारों टायर रात के अंधेरे में चोरी हो जाने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।
लुधियाना, (राज) : पंजाब के कृषि मंत्री के भांजे की गाड़ी के चारों टायर रात के अंधेरे में चोरी हो जाने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वारदात महानगर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर बने हॉस्टल के बाहर अंजाम दी गई। घटना की सूचना मिलते ही कैंपस की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया है। इस मामले में थाना PAU की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता कृषि मंत्री का भांजा है। गुरुअरमान प्रीत सिंह बराड़ ने बताया कि गुरु अंदग देव वेटनरी एंड एनिमल यूनिवर्सिटी का फाइन इयर का स्टूडेंट है। उनकी टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कैंपस स्थित हॉस्टल के बाहर पार्क थी। देर रात करीब ढाई बजे अज्ञात चोरों ने उनकी कार को निशाना बनाया और चारों टायर खोलकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि गाड़ी सीसीटीवी कैमरे के ठीक नीचे खड़ी थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों द्वारा हासिल कर ली गई है, जिसमें संदिग्धों की हलचल कैद हुई है।
यूनिवर्सिटी कैंपस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन के अंदर दिन-रात सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, ऐसे में हॉस्टल के बाहर से कार के चारों टायर चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। पीडि़त ने पुलिस प्रशासन और यूनिवर्सिटी अधिकारियों से इस मामले की गहनता से जांच करने, आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और कैंपस की ढीली सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।