Edited By Urmila,Updated: 17 Mar, 2026 06:10 PM

पंजाब में नशे के अभिशाप को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू किए गए अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को उस समय सफलता मिली।
फिरोजपुर (आनंद): पंजाब में नशे के अभिशाप को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू किए गए अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को उस समय सफलता मिली, जब फिरोजपुर रेंज की टीम ने एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान दो नशा तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों की कड़ी निगरानी में अंजाम दी गई है।
जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ (ANTF) को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि फिरोजपुर शहर की सब्जी मंडी के पास कुछ व्यक्ति बड़ी खेप की आपूर्ति करने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर, एआईजी गुरिंदरबीर सिंह के दिशा-निर्देशों और डीएसपी पृथ्वीपाल सिंह (पीपीएस) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान 5 किलो 710 ग्राम हेरोइन, 16 लाख 90 हजार रुपये की ड्रग मनी, 2 पिस्टल (30 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गोरी पुत्र हरदेव सिंह और सिकंदर सिंह उर्फ काली पुत्र पप्पू सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी सीमावर्ती क्षेत्र ममदोट के गांव निहाला किलचा के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एएनटीएफ मोहाली में मुकदमा नंबर 59 (दिनांक 16/3/26) दर्ज किया है। इन पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 23, 27-ए और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ये तस्कर किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। अब जांच इस दिशा में की जा रही है कि यह नशा कहां से आया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे होंगे और नशा तस्करी के इस जाल से जुड़े अन्य सदस्य भी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here