थाने के पास पावरकॉम के दो कार्यालयों में लाखों की चोरी, ताले तोड़ केबल व बिजली का सामान ले गए चोर

Edited By Kalash,Updated: 09 Aug, 2026 05:30 PM

powercom offices theft case

बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित पावरकॉम के पावरकॉम-1 और पावरकॉम-2 कार्यालयों में चोरों द्वारा धावा बोलकर लाखों रुपये का बिजली संबंधी सामान चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है।

तपा मंडी (गर्ग,शाम): बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित पावरकॉम के पावरकॉम-1 और पावरकॉम-2 कार्यालयों में चोरों द्वारा धावा बोलकर लाखों रुपये का बिजली संबंधी सामान चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों कार्यालय थाना सदर तपा से बिल्कुल सटे हुए हैं। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर कार्यालयों के कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना का पता उस समय चला जब जेई प्रदीप कुमार सुबह कार्यालय पहुंचे। उन्होंने देखा कि कई कमरों के ताले टूटे हुए थे। संदेह होने पर जब कार्यालय के अंदर जाकर जांच की गई तो कई स्थानों से केबल तारें और अन्य बिजली का सामान गायब मिला। इसके बाद पूरे कार्यालय की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में बिजली संबंधी सामान चोरी होने की पुष्टि हुई।

जानकारी के अनुसार चोरी किए गए सामान में केबल तारें, कनेक्टर, जुबली क्लिप, बिजली के खंभों से संबंधित सामान तथा अन्य उपकरण शामिल हैं। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। कर्मचारियों के अनुसार मौके पर वाहन के आने-जाने के कुछ निशान भी दिखाई दिए हैं। इसके चलते आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने किसी बड़े वाहन या कैंटर के माध्यम से चोरी किया सामान यहां से बाहर ले जाया होगा।

घटना की जानकारी जेई प्रदीप सिंह, जेई हरदीप सिंह, परमिंदर कुमार, बीरबल सिंह, नवीन कुमार मित्तल, केवल सिंह, अलादीन और सीसी तरलोचन सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को दी। पावरकॉम-1 और पावरकॉम-2 के एसडीओ को भी मामले से अवगत करवाया गया है। इसके साथ ही थाना सदर तपा की पुलिस को चोरी की सूचना दे दी गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमरीक सिंह ग्रेवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

थाने के बिल्कुल नजदीक हुई इस चोरी की घटना ने पावरकॉम कर्मचारियों और आसपास के लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों ने पुलिस से मांग की है कि चोरी की घटना को जल्द से जल्द सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!