Edited By Vatika,Updated: 17 Jun, 2026 03:36 PM

मोगा पुलिस भले ही नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, लेकिन जिले के गांव मल्लके से एक बेहद
मोगा: मोगा पुलिस भले ही नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, लेकिन जिले के गांव मल्लके से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर नशा न मिलने से मानसिक तनाव में आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान लाभ हीरा सिंह (26) निवासी गांव मल्लके के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। मृतक के भाइयों गुरतेज सिंह और बूटा सिंह ने बताया कि लाभ हीरा सिंह पहले चिट्टे का आदी था। परिवार ने उसकी लत छुड़वाने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, लेकिन बाद में वह फिर से नशे की गिरफ्त में आ गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाले सुखचैन सिंह और उसकी पत्नी सीमा कौर लंबे समय से कथित तौर पर चिट्टे की बिक्री कर रहे हैं। लाभ हीरा सिंह का उनके घर आना-जाना था, जिससे वह दोबारा नशे का आदी बन गया। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन लाभ हीरा सिंह चिट्टा लेने के लिए उनके घर गया, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे।
आरोप है कि दंपति ने उससे कहा कि पहले घर से पैसे लेकर आए, तभी नशा मिलेगा। इस बात से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और घर लौटकर बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कथित आरोपी सीमा कौर को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके पति सुखचैन सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।