Edited By Kamini,Updated: 04 Jun, 2026 02:30 PM

होशियारपुर के इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट पुरहीरां थाने में गुरुवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पंजाब पुलिस में तैनात एक पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद ने थाने के अंदर ही हंगामे का रूप ले लिया।
होशियारपुर (अमरीक): होशियारपुर के इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट पुरहीरां थाने में गुरुवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पंजाब पुलिस में तैनात एक पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद ने थाने के अंदर ही हंगामे का रूप ले लिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स और थाना प्रमुखों को मौके पर बुलाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, मामला उस समय भड़क गया जब थाने में एक नाबालिग युवक को लेकर 2 पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नाबालिग की उसकी मां ने थाने के अंदर पिटाई कर दी, जिसकी सूचना मिलने पर उसके चचेरे पिता, जो पंजाब पुलिस के कई थानों में थाना प्रमुख रह चुके हैं, युवक को बचाने के लिए थाने पहुंचे।
मौके पर मिली जानकारी के मुताबिक, जब वह नाबालिग को अपने साथ थाने से बाहर ले जाने लगे, तो महिला कांस्टेबल मां ने विरोध करते हुए कहा कि यह मेरा बेटा है, तुम्हारा नहीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्ष थाने के अंदर ही भिड़ गए, जिससे माहौल पूरी तरह गरमा गया। इस घटना के दौरान थानेदार के न होने से हालात और बिगड़ गए। होशियारपुर के कई थानों से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया।
मामला तब और बिगड़ गया जब बेगमपुरा टाइगर फोर्स के नेता और वर्कर बड़ी संख्या में थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने थाने का घेराव किया, सड़क जाम की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एक महिला कांस्टेबल ने उनके एक साथी, जो पुलिस अधिकारी है, के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उनके पास इसकी रिकॉर्डिंग भी है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस बीच, मौके पर पहुंचे सीनियर पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना ने पुलिस विभाग और शहर में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। इस मौके पर जब हमने मौके पर मौजूद सीनियर अधिकारियों से बात की तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों का इस्तीफा लेकर और प्रदर्शन खत्म कराकर माहौल शांत कर दिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here