Edited By Vatika,Updated: 18 May, 2021 01:32 PM

पंजाब कांग्रेस में छिड़ा गृह युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है।
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में छिड़ा गृह युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधायक परगट सिंह की तरफ से कैप्टन अमरेंद्र सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद अब नवजोत सिद्धू ने भी इस मौके पर सिक्सर मारते हुए सरकार पर निशाने साधे हैं।
सोशल मीडिया पर बोलते हुए सिद्धू ने कहा है कि मंत्री, विधायक और मेंबर पार्लियामेंट लोगों की आवाज़ उठा कर अपनी पार्टी को मज़बूत कर रहे हैं, वह अपना संवैधानिक अधिकार इस्तेमाल करके अपना लोकतांत्रिक फर्ज अदा कर रहे हैं लेकिन जो भी सच बोलता है, वह आपका दुश्मन बन जाता है....। साथ ही सिद्धू ने परगट सिंह की वह वीडियो भी सांझी की है, जिसमें परगट सिंह कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर अपने सहयोगियों के द्वारा धमकाने के आरोप लगा रहे हैं।
क्या कहा था परगट सिंह ने
सोमवार को विधायक परगट सिंह ने खुलेआम कहा कि मुख्यमंत्री उन्हें धमका रहे हैं। वीरवार रात उन्हें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार संदीप संधू का फोन आया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक संदेश दिया है, जो आपको देना है। यह बेहद धमकी भरा संदेश था, जिसमें कहा गया कि उनके खिलाफ लिस्टें तैयार कर ली गई हैं और अब उन्हें ठोकना है।
परगट ने कहा कि एक बार नहीं दो-तीन बार संधू से पूछा कि क्या कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने यह बात कही है। जब संधू ने हामी भरी तो उन्होंने भी पलटकर कहा कि क्या वह भी उनका एक संदेश मुख्यमंत्री को दे सकते हैं। उन्होंने संधू को मुख्यमंत्री के नाम संदेश दिया कि जो करना है, कर लो। बेअदबी-गोलीकांड मामले, बिजली खरीद समझौते, खनन व शराब माफिया जैसे मुद्दों पर सच बोलने की यही सजा होती है तो फिर यही सही। सिद्धू के खिलाफ विजिलैंस के पास इतने सबूत थे तो उसे दो साल भी क्यों रखा गया। विजिलैंस को टूल की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।