Edited By Kamini,Updated: 14 Aug, 2026 01:23 PM

इस समय अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही है। इसी बीच सुखबीर बादल को धार्मिक सजा सुनाने वाले पूर्व जत्थेदार के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई है। अमृतसर के प्रताप नगर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना तब सामने आई जब घर के बाहर खड़ी एक कार में गोली का निशान और गोली का खोखा मिला।
परिवार वालों के मुताबिक, इस घटना के बाद घर में डर का माहौल है। हालांकि CCTV फुटेज में फायरिंग करने वालों की साफ पहचान नहीं हो पाई, लेकिन फायरिंग की आवाज रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता और डर का माहौल देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि, पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने ही सुखबीर बादल को बेअदबी मामले में धार्मिक सजा सुनाई थी। वहीं गत दिन 13 अगस्त को सुखबीर बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा माता साहिब में निहंग ने कृपाण से हमला किया। पूर्व जत्थेदार रघुबीर सिंह ने 2 साल पहले सुखबीर बादाल को बेअदबी मामले में धार्मिक सजा सुनाई थी। इस सजा के दूसरे दिन सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला हुआ था। बता दें कि श्री दरबार साहिब के घंटाघर के बाहर 2 दिन सेवादार की ड्यूटी के दौरान गले में तख्ती और हाथ में बरछा लेकर व्हीलचेयर पर बैठे थे। वहीं उन्हें बाथरूम साफ करने की सजा भी सुनाई गई थी लेकिन पैर में फ्रैक्चर होने के चलते उन्हें इस सेवा में छूट दी गई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here