Edited By Vatika,Updated: 26 Jun, 2026 09:45 AM

पंजाब का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है
चंडीगढ़: पंजाब का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4 दिनों के दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तापमान में भी हल्की गिरावट आने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। इसे देखते हुए विभाग ने इन 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसी तरह 27, 28 और 29 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 28 और 29 जून को कुछ जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 1 जुलाई तक जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और लोगों को गर्मी व उमस से काफी राहत मिल सकती है।