Edited By Subhash Kapoor,Updated: 21 Dec, 2025 11:20 PM

पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को ड्यूटी से लौटने के बाद वह घर आकर सो गया तो रविवार की सुबह नींद से ही नहीं जागा। मृतक की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है जो पुलिस लाइन में बने क्वार्टर में रहता था।
लुधियाना (राज): पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को ड्यूटी से लौटने के बाद वह घर आकर सो गया तो रविवार की सुबह नींद से ही नहीं जागा। मृतक की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है जो पुलिस लाइन में बने क्वार्टर में रहता था। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नं.-8 की पुलिस मौके पर पहुंच गई व जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक रंजीत सिंह करीब 6 साल पहले पंजाब पुलिस में भर्ती हुआ था। वह पुलिस लाइन में ही परिवार सहित रहता था। इस समय वह पूर्व आई.जी. के साथ बतौर गनमैन ड्यूटी कर रहा था। शनिवार की रात को वह अपनी ड्यूटी से लौटा और परिवार वालों के साथ खाना खाने के बाद सो गया। जब सुबह उसकी पत्नी प्रभजोत कौर ने उठाया तो वह नहीं उठा। बार बार आवाज देने पर भी वह नींद से नहीं जागा तो उसने शोर मचाकर आस-पास के साथियों को बुलाया। जब चैक किया तो उसकी मौत हो चुकी थी जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।