Edited By VANSH Sharma,Updated: 28 Mar, 2025 11:35 PM

गुरिंदर वीर सिंह ने 10.20 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी करके नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
टांडा उड़मुड़ (विरिंदर पंडित): विधानसभा हलका टांडा उड़मुड़ के गढ़दीवाला पुलिस स्टेशन में तैनात पटियाला (भोगपुर) निवासी एएसआई कमलजीत सिंह और माता रुपिंदर कौर के होनहार पुत्र पंजाब के गबरू गुरिंदर वीर सिंह ने शुक्रवार को कर्नाटका एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ग्रांड प्रिक्स 1-2025 में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश का सबसे तेज स्प्रिंटर होने का सम्मान प्राप्त किया है।
गुरिंदर वीर सिंह ने 10.20 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी करके नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इससे पहले का नेशनल रिकॉर्ड 10.23 सेकंड का था। भारतीय नेवी में नौकरी करने वाले गुरिंदर वीर सिंह आज रिलायंस द्वारा ट्रैक में उतरे थे, जिन्होंने अपने 2021 में दिए 10.27 सेकंड के समय से बड़ी छलांग लगाते हुए आज राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।

गुरिंदर वीर सिंह ने अपनी इस सफलता के लिए अपने माता-पिता का आशीर्वाद और कोच हैपी का मार्गदर्शन बताया। उन्होंने बताया कि वह अब एशियाई खेलों के लिए तैयारी करते हुए कड़ी मेहनत करेंगे। गुरिंदर वीर इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीत चुके हैं। गुरिंदर वीर की इस सफलता के बाद टांडा के खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं, जिनमें टांडा स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान गुरसेवक मार्शल, कोच कुलवंत सिंह, कोच ब्रिजमोन शर्मा, कमलदीप सिंह, तजिंदर सिंह ढिल्लों और इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह शामिल हैं।