Edited By Vatika,Updated: 30 Jul, 2026 12:10 PM

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और कार्रवाई के विरोध में सफाई कर्मचारी
तरनतारन(रमन): बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और कार्रवाई के विरोध में सफाई कर्मचारी यूनियनों की ओर से पंजाब बंद के आह्वान का असर जिला अमृतसर और तरनतारन में भी देखने को मिला। सुबह से ही श्री तरनतारन साहिब व अमृतसर के बाजार, दुकानें, बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर और रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद रहे।
अस्पताल, मेडिकल स्टोर की सेवाएं जारी
हालांकि जिले के अधिकांश स्कूल और कॉलेज खुले रहे। वहीं, कई ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। कुछ गांवों में दुकानें और अन्य कारोबार सामान्य रूप से खुले रहे। सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलविंदर सिंह ने बताया कि बंद के दौरान आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल, मेडिकल स्टोर, लैब और स्कैनिंग सेंटर जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है, ताकि किसी भी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े।
शहर में निकाला जाएगा रोष मार्च
उन्होंने बताया कि सुबह से ही सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्य नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं। इसके बाद दोपहर में शहर में रोष मार्च निकाला जाएगा और पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला भी फूंका जाएगा।