Edited By Urmila,Updated: 30 Oct, 2026 03:05 PM

श्री मुक्तसर साहिब और आसपास के निवासियों को बेहतर रेल कनैक्टिविटी की एक नई उम्मीद मिली है।
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): श्री मुक्तसर साहिब और आसपास के निवासियों को बेहतर रेल कनैक्टिविटी की एक नई उम्मीद मिली है। फाजिल्का से वाया मुक्तसर होते हुए हरिद्वार और नई दिल्ली के लिए नई ट्रेनें शुरू करने की जनमांग पर रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी किए गए आदेश के तहत संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित रेल मार्गों की व्यवहारिकता जांचने और उनकी संभावित समय-सारणी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस योजना के तहत फाजिल्का से हरिद्वार (वाया मुक्तसर, कोटकपूरा, बठिंडा) और फाजिल्का से नई दिल्ली (वाया मुक्तसर, कोटकपूरा, बठिंडा, मानसा, रोहतक) तक नई रेल सेवाएं शुरू करने पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर-साहनेवाल ट्रेन (संख्या 14614/14613) का विस्तार फाजिल्का तक करने की संभावना पर भी विचार-विमर्श चल रहा है। क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की यह मांग भाजपा जिला प्रधान कुलदीप सिंह भंगेवाला और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद पठेला ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखी थी।
इस विषय में फिरोजपुर मंडल के डी.आर.एम. संजीव कुमार को भी ज्ञापन सौंपा गया था, जिन्होंने सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया था। रेलवे बोर्ड के इस रुख पर क्षेत्र के नेताओं और नागरिकों ने रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है तथा उम्मीद जताई है कि इलाके की लंबे समय से लंबित मांगें जल्द ही पूरी होंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here