Edited By Kalash,Updated: 27 Aug, 2026 04:39 PM

स्थानीय मंडी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली की अनियमित आपूर्ति और लंबे कटों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तपा मंडी (गर्ग,शाम): स्थानीय मंडी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली की अनियमित आपूर्ति और लंबे कटों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली बंद होने से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर रात तक बार-बार बिजली बंद हो रही है और रात करीब साढ़े आठ बजे भी बिजली का कट लगने से परेशानियां और बढ़ जाती हैं।
इलाका निवासी मुनीश बहावलपुरीया ने बताया कि बिजली बंद होने के कारण घरों में पानी की मोटरें नहीं चल पातीं, जिससे पानी की समस्या पैदा हो जाती है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद रहने से बच्चों तथा बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। एक अन्य निवासी कुलवंत सिंह धालीवाल ने कहा कि रात के समय लगने वाले बिजली कटों के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। गर्मी के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पाती, जिसका असर अगले दिन के कामकाज पर भी पड़ता है।
स्थानीय दुकानदार कृष्ण सिंह ज्वैलर्स ने बताया कि बिजली बंद होने से दुकानों में काम रुक जाता है और बिजली से चलने वाली मशीनें तथा अन्य उपकरण बंद रहते हैं। इससे छोटे कारोबारियों को रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली आने-जाने से बिजली के उपकरण खराब होने का खतरा भी बना रहता है।
एक अन्य इलाका निवासी सेवानिवृत्त प्रो. अमरीश गर्ग ने कहा कि यदि किसी तकनीकी खराबी या मरम्मत के कारण बिजली बंद की जाती है तो विभाग को लोगों को पहले इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सुबह और रात के समय लगने वाले लंबे बिजली कटों का कारण स्पष्ट किया जाए तथा लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here