Edited By Kalash,Updated: 09 Mar, 2025 12:43 PM

पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियान के परिणाम स्वरूप पुलिस एक्शन में नजर आ रही है।
तरनतार (रमन): जिला पुलिस ने 5 नशा तस्करों की 2 करोड़ 59 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियान के परिणाम स्वरूप पुलिस एक्शन में नजर आ रही है।
जिला एस.एस.पी. अभिमन्यु राणा ने बताया कि डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव व पंजाब सरकार द्वारा जारी आदेशों के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया है। इसके बाद कुलविंदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी माड़ी गोर सिंह की 70 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर ली गई है, क्योंकि इस आरोपी के खिलाफ खालड़ा थाने में 910 ग्राम हैरोइन बरामद होने का मामला दर्ज किया गया है।
इसी तरह नशा तस्कर लवप्रीत सिंह उर्फ सोनू और आकाशदीप सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी मानकपुरा की 94 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है, क्योंकि इन दोनों भाइयों के खिलाफ 1 किलो 290 ग्राम हैरोइन बरामद होने के आरोप में थाना सराय अमानत खां में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा नशा तस्कर गुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा पुत्र मेहल सिंह निवासी कलसियां कलां की 50 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है, क्योंकि इस आरोपी के खिलाफ थाना सदर पट्टी में 1 किलो 500 ग्राम हैरोइन बरामद होने का मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा नशा तस्कर अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र अवतार सिंह निवासी ढाला की 43 लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है, क्योंकि इस आरोपी के खिलाफ 549 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में थाना सराय अमानत खां में मामला दर्ज किया गया है। एस.एस.पी. ने बताया कि उक्त पांचों आरोपियों की कुल 2 करोड़ 59 लाख 90 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित नशा तस्करों के घरों के बाहर कानूनी तौर पर नोटिस चिपका दिए गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here