Edited By Vatika,Updated: 20 Jul, 2026 02:43 PM

मिनी सचिवालय की दीवारों पर प्रवासी विरोधी नारे, प्रशासन ने तुरंत मिटवाए; CCTV फुटेज खंगालने में जुटा प्रशासन
बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के मिनी सचिवालय परिसर की बाहरी दीवारों पर रविवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा प्रवासी समुदाय के विरोध में आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी नारों को मिटवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।|
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
जानकारी के अनुसार एसएसपी कार्यालय और डीसी निवास के निकट स्थित मिनी सचिवालय की बाहरी दीवारों पर रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने आपत्तिजनक नारे लिख दिए। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर इन नारों पर पड़ी, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। रविवार होने के कारण परिसर में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम आवाजाही रही, जिससे घटना का पता कुछ देर बाद चल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी सचिवालय के गेट नंबर-4 से आगे करीब चार स्थानों पर दीवारों पर नारे लिखे गए थे। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी भी प्रकार का विवाद या सामाजिक तनाव पैदा होने से पहले संबंधित दीवारों पर कालिख पोतकर तथा दोबारा रंग करवाकर नारों को पूरी तरह मिटवा दिया।
भड़काऊ नारे लिखे जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसपी कार्यालय, डीसी निवास और मिनी सचिवालय जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर के आसपास रात के समय सुरक्षा गश्त और निगरानी को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र की दीवारों पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया था। एक बार फिर सरकारी परिसर की दीवारों पर भड़काऊ नारे लिखे जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और नारे लिखने वाले अज्ञात आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।