नेहा बस्सी को लेकर पड़ोसियों के बड़े खुलासे, पति का दावा...उसने खुद पिया था हार्पिक

Edited By Urmila,Updated: 30 Aug, 2026 01:31 PM

neighbors make major revelations about neha bassi

जालंधर की लेक्चरर नेहा बस्सी की मौत के मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, नेहा पिछले करीब तीन वर्षों से घरेलू कलह और कथित मारपीट का सामना कर रही थी।

जालंधर : जालंधर की लेक्चरर नेहा बस्सी की मौत के मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, नेहा पिछले करीब तीन वर्षों से घरेलू कलह और कथित मारपीट का सामना कर रही थी। उनका दावा है कि नेहा को कई बार उसके पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी द्वारा पीटा जाता था और रात के समय घर से बाहर निकाल दिया जाता था।

पड़ोसियों के अनुसार, नेहा कई बार रातभर घर के बाहर बैठी रहती थी। आसपास रहने वाले लोगों ने उसे पुलिस से शिकायत करने की सलाह भी दी, लेकिन वह अपनी छोटी बेटी के भविष्य को लेकर चुप रहती थी। एक पड़ोसी महिला का दावा है कि नेहा ने खुद उसे बताया था कि उसके साथ चप्पलों से मारपीट की जाती है। एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसने कई बार नेहा को रात में घर के बाहर बैठे देखा था। पूछने पर नेहा ने कथित तौर पर बताया था कि मारपीट के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। महिला के मुताबिक, नेहा का कहना था कि बेटी की वजह से वह कोई बड़ा कदम नहीं उठाना चाहती।

पड़ोसियों ने बताया- पहले रिश्ते सामान्य थे

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि शादी के शुरुआती वर्षों में उमंग और नेहा के बीच संबंध सामान्य दिखाई देते थे। दोनों विदेश भी साथ जा चुके थे और परिवार में सब कुछ ठीक नजर आता था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में दोनों के बीच विवाद की चर्चाएं सामने आने लगी थीं। एक स्थानीय बुजुर्ग ने बताया कि नेहा स्वभाव से बेहद मिलनसार और शांत थी। वह रास्ते में मिलने वाले लोगों से सम्मानपूर्वक बात करती थी। मोहल्ले में रहने वाले लोगों को उसके साथ हुए कथित बर्ताव पर अब भी विश्वास नहीं हो रहा है।

पति ने पूछताछ में किया अलग दावा

दूसरी ओर, पुलिस पूछताछ में आरोपी पति उमंग बस्सी ने नेहा की मौत को लेकर अलग दावा किया है। उसके मुताबिक, नेहा ने खुद हार्पिक पी लिया था और वीडियो कॉल के जरिए उसे इसकी जानकारी दी थी। उमंग का दावा है कि उसने नेहा को जबरन टॉयलेट क्लीनर नहीं पिलाया। आरोपी पक्ष की ओर से यह भी कहा गया है कि उमंग ने नेहा को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया था। इसके बाद अस्पताल में ससुराल पक्ष के लोगों के साथ विवाद की स्थिति बनने पर वह अपनी मां और बेटी के साथ उज्जैन चला गया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

उज्जैन जाने के दौरान रिश्तेदारों को भी नहीं बताई बात

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि उमंग बस्सी और उसकी मां कुसुम बस्सी गाड़ी से उज्जैन पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों को भी नेहा की मौत के बारे में जानकारी नहीं दी। वहीं, कुसुम बस्सी ने पुलिस के सामने घटना के समय घर से बाहर होने और अपनी छह वर्षीय पोती को ट्यूशन छोड़ने जाने का दावा किया है। इन दावों की भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

नेहा की मौत के मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। मामले में पहले करतारपुर थाना स्तर पर जांच चल रही थी, लेकिन बाद में कार्रवाई को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठने के बाद जांच में बदलाव किया गया। इस मामले में थाना प्रभारी को हटाया जा चुका है, जबकि जांच अधिकारी एएसआई बोधराज को निलंबित किया गया है। अब मामले की जांच CIA देहाती को सौंप दी गई है। करतारपुर पुलिस की ओर से आगे की जांच नहीं की जा रही है। डीएसपी नरेंद्र सिंह औजला के मुताबिक, मामला अभी जांच के अधीन है और पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

1 सितंबर को कोर्ट में पेश होंगे उमंग और कुसुम

कोर्ट में आरोपियों को पेश किया जा चुका है। सतपाल को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि उमंग बस्सी और कुसुम बस्सी को पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। दोनों का रिमांड 1 सितंबर को खत्म होगा और उसी दिन उन्हें जालंधर जिला अदालत में दोबारा पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मामले में FIR नंबर 176 दर्ज की गई है। इसमें BNS की धाराओं 123, 109, 85, 103 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!