Edited By Kalash,Updated: 23 Jul, 2025 04:44 PM

जिन लोगों ने फायरिंग की मृतक रोहित उसी पक्ष का बताया जा रहा है।
लुधियाना (तरुण): गत रात्रि बस स्टैंड के निकट हैबोवाल के रहने वाले रोहित कुमार (27) को मौत घाट उतारने वाला जवाहर नगर कैंप के रहने वाले हरजिन्द्र सिंह जिंदी का बेटा मानव उर्फ मनु (20) है। यह बात बताने वाली है कि हरजिंद्र सिंह जिंदी की 5 साल पहले सरेबाजार गोलियों से भून कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इस केस में जिंदी का भाई कमलजीत उर्फ कपली मुख्य गवाह है। इसके घर पर 15 जुलाई को फायरिंग कर गवाही से मुकरने का दबाव बनाया गया था। जिन लोगों ने फायरिंग की मृतक रोहित उसी पक्ष का बताया जा रहा है।
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि पुरानी रंजिश अब गैंगवार में बदल चुकी है। हालांकि पुलिस ने 15 जुलाई को फायरिंग करने वाले केस का खुलासा कर वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को काबू कर जेल पहुंचा दिया है। इस संबंधी ए.डी.सी.पी.-3 कंवलप्रीत सिंह से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक रोहित के पिता नरेश कुमार के बयान पर मानव व एक अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला पुरानी रंजिश का है। आरोपी मानव नाबालिग है। जिसकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है। मृतक रोहित के शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
करीब 5 साल पहले जवाहर नगर कैंप में हरजिंद्र सिंह उर्फ जिंदी की हत्या के मामले में जिला पुलिस ने 3 आरोपियों को काबू कर जेल पहुंचाया था। इन्हीं आरोपियों में दर्पण भी मुख्य आरोपी है। जिसने जिंदी हत्याकांड में गवाही से मुकरने के लिए दबाव बनाने के लिए विदेश में बैठे दोस्त नमित शर्मा से संपर्क किया। इसके इशारे पर जिंदी हत्याकांड के मुख्य गवाह जिंदी के भाई कमलजीत उर्फ कपली के घर पर फायरिंग कर उसे गवाही से मुकरने के लिए दबाव डाला गया था। जबकि कमलजीत सिंह उर्फ कपली का कहना है कि उस पर पहले भी कई बार दबाव बनाया गया है। परंतु वह हर हाल में भाई की हत्या में आरोपियों के खिलाफ गवाही देकर हत्यारों को फांसी की सजा दिलवाएंगे।
सूत्रों के अनुसार इस केस में रोहित की हत्या के बाद कई बातें गैंगवार की ओर इशारा कर रही है क्योंकि मृतक रोहित जिंदी केस में गवाही से मुकरने के लिए दबाव बनाने वाले आरोपी नमित शर्मा,दर्पण व पकड़े गए आरोपियों के गैंग के संपर्क में था। सूत्रों के अनुसार मृतक रोहित की जिस रात को हत्या हुई थी उस रात को वह 2 अन्य साथियों के साथ में था। जबकि मानव भी अपने एक दोस्त के साथ था। दोनों के बीच झड़प हुई। इसमें रोहित की हत्या हो गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here