लुधियाना में फिल्मी स्टाइल Kidnapping, सैलरी मांगने पर CNC ऑपरेटर को उठाकर फैक्टरी में पीटा

Edited By Vatika,Updated: 18 Jun, 2026 11:13 AM

ludhiana filmi style kidnapping

गियासपुरा की सूआ रोड स्थित फैक्टरी में वारदात, पुरानी रंजिश के चलते काली महिंद्रा गाड़ी में जबरन उठा ले गए थे आरोपी

लुधियाना(राज): महानगर के गियासपुरा इलाके में अपनी मेहनत की कमाई और बकाया सैलरी मांगना एक सीएनसी (CNC) मशीन ऑपरेटर को बेहद भारी पड़ गया। पुरानी रंजिश के चलते एक फैक्टरी मालिक ने अपने करिंदों और अज्ञात गुंडों के साथ मिलकर ऑपरेटर का सरेराह अपहरण कर लिया। आरोपी उसे जबरन एक काले रंग की महिंद्रा गाड़ी में डाल कर ले गए और अपनी फैक्टरी में बंधक बनाकर लोहे की रॉड व डंडों से बेरहमी से पीटा। पीड़ित को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। थाना सहनेवाल की पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी फैक्टरी मालिक सहित 5 नामजद और 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित प्रवेश सीएनसी ऑपरेटर ने बताया कि वह वर्तमान में एच.टी.एम. टूल्स (बैक साइड बिजली घर, खाल) में सीएनसी मशीन चलाने का काम करता है। बीती 16 जून को वह रोजाना की तरह अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक काले रंग की महिंद्रा गाड़ी (नंबर: PB10HC-3669) आकर रुकी, जिसमें उसका पुराना फैक्टरी मालिक करन कुमार यादव अपने साथियों के साथ सवार होकर आया था।

काम छोड़ने से खफा था मालिक, रास्ते में घेरा
पीड़ित ने बताया कि वह पहले गली नंबर 19, करन इंडस्ट्री, सूआ रोड (गियासपुरा, लुधियाना) में करन कुमार यादव की फैक्टरी में सीएनसी मशीन चलाता था। मालिक करन यादव उसे समय पर पूरी तनख्वाह (सैलरी) नहीं देता था, जिसके चलते उसने करीब एक महीना पहले उसकी फैक्टरी का काम छोड़ दिया था। काम छोड़ने और अपनी बकाया सैलरी मांगने के कारण करन यादव उससे रंजिश रखने लगा था और पहले भी एक बार उसके साथ मारपीट कर चुका था।

फैक्टरी में ले जाकर बनाया बंधक, दी जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गाड़ी रुकते ही उसमें से करन कुमार यादव, रोनी (वर्कर), अनिल, प्रमोद, राजीव और दो अन्य अज्ञात नकाबपोश नौजवान लड़के नीचे उतरे। आरोपियों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए पीड़ित पर हमला कर दिया और उसे जबरदस्ती घसीटते हुए अपनी काले रंग की महिंद्रा गाड़ी में फेंक दिया। आरोपी उसे अगवा करके सीधे अपनी फैक्टरी (गली नंबर 19, करन इंडस्ट्री, सूआ रोड) ले गए। वहां आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंधक बना लिया और लात-घूंसों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। इस दौरान आरोपियों ने उसे साफ शब्दों में धमकी दी कि अगर दोबारा पैसे मांगे या पुलिस के पास गया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कसा शिकंजा
वारदात के बाद किसी तरह चंगुल से छूटे पीड़ित ने तुरंत इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित के बयानों और गाड़ी के नंबर के आधार पर मुख्य आरोपी करन कुमार यादव, रोनी, अनिल, प्रमोद, राजीव और दो अज्ञात लड़कों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की महिंद्रा गाड़ी को जब्त करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!