Edited By Vatika,Updated: 19 Feb, 2026 09:21 AM

शहर में निजी फाइनेंस कंपनियों की दबंगई का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है जहां कर्ज की ..
लुधियाना(राज):शहर में निजी फाइनेंस कंपनियों की दबंगई का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है जहां कर्ज की किस्त न चुका पाने पर एक व्यक्ति के अपहरण और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में थाना हाइबोवाल की पुलिस ने निखिल जैन की शिकायत पर इकबाल सिंह, सुरिंदर सिंह और रामनजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि उसने महावीर फाइनेंस से करीब 1.50 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे, लेकिन घर के हालात खराब होने की वजह से वह समय पर किस्तें जमा नहीं कर पाया। आरोप है कि इसके बाद कंपनी का मैनेजर रमनजोत उसे लगातार फोन पर जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां देने लगा। 18 फरवरी जब वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर एकता विहार स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कॉलोनी के मुख्य गेट के पास पहुँचा, आरोपी इकबाल सिंह और कुलवंत सिंह ने उसे घेर लिया। इकबाल सिंह जबरदस्ती पीड़ित की एक्टिवा पर पीछे बैठ गया और डरा-धमकाकर उसे चौड़ा बाजार स्थित मिनर्वा मार्केट में कंपनी के दफ्तर ले गया।
दफ्तर पहुँचते ही वहां मौजूद आरोपियों ने तालिबानी रवैया अपनाया। आरोप है कि वहां इकबाल सिंह और सुरेंद्र सिंह ने पीड़ित को एक कमरे में बंधक बना लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आरोपियों ने उसे घंटों अवैध हिरासत और बंधक बना कर रखा और मारपीट के साथ-साथ गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।