Edited By Kamini,Updated: 21 Feb, 2025 06:40 PM

पंजाब में गांवों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में गांवों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, रोपड़ जिले के 100 से अधिक गांवों के लिए बड़ी राहत है क्योंकि पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के निरंतर प्रयासों के कारण, पंजाब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्वां नदी पर बने एलग्रां पुल की मुरम्मत के लिए 17.56 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। यह पुल रोपड़ जिले के 100 से अधिक गांवों को जोड़ता है और पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क का भी काम करता है।
गौरतलब है कि, इस पुल की मुरम्मत के लिए हरजोत सिंह बैंस के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए यह टेंडर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। आज यहां जारी एक प्रेस बयान में हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस महत्वपूर्ण पुल की मुरम्मत के लिए टेंडर अवधि 9 महीने की होगी। इच्छुक ठेकेदार निविदा दस्तावेज प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं और 20 मार्च 2025 तक अपनी बोलियां जमा कर सकते हैं।
मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि यह पुल न केवल पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच एक महत्वपूर्ण परिवहन मार्ग है, बल्कि यह रोपड़ जिले को होशियारपुर से भी जोड़ता है और तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए भी मुख्य मार्ग है। इसके अतिरिक्त, यह परियोजना उन दैनिक यात्रियों को भी राहत प्रदान करेगी, जो पुल की जर्जर स्थिति के कारण लंबे समय से असुविधा का सामना कर रहे हैं। इस पुल की मुरम्मत का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के लोगों में बेहतर सड़क बुनियादी ढांचे और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास की उम्मीद बढ़ेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here