Edited By Urmila,Updated: 29 Jul, 2026 05:58 PM

पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक नया मामला श्री मुक्तसर साहिब से सामने आया है।
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक नया मामला श्री मुक्तसर साहिब से सामने आया है। यहां वीजा लगवाने के नाम पर एक युवक से 16 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने के आरोप में 'राइटवे आईलैट्स एंड इमिग्रेशन सैंटर' के मालिक नवदीप कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गांव रोड़ावाली निवासी पीड़ित अमोलक सिंह पुत्र नरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने विदेश जाने के लिए इमिग्रेशन सेंटर के मालिक नवदीप कुमार से संपर्क किया था। आरोपी ने वीजा दिलाने का भरोसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 16.5 लाख रुपए ऐंठ लिए। लेकिन पैसे लेने के बावजूद न तो उसका वीजा लगवाया गया और न ही रकम लौटाई गई।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस कप्तान (डीएसपी) द्वारा गहन जांच की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने और कानूनी सलाह के बाद वरिष्ठ पुलिस कप्तान की स्वीकृति से कार्रवाई की गई। थाना सिटी श्री मुक्तसर साहिब में आरोपी नवदीप कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (धोखाधड़ी और जालसाजी) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here