Edited By Kalash,Updated: 10 Nov, 2026 05:38 PM

दीवाली के त्योहार के अगले दिन नजदीकी गांव सैणी माजरा में पटाखे चलाते समय हुए एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
नूरपुरबेदी (संजीव भंडारी): दीवाली के त्योहार के अगले दिन नजदीकी गांव सैणी माजरा में पटाखे चलाते समय हुए एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखा चलाने के दौरान हुए धमाके ने एक युवक की जान ले ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 नवम्बर की रात करीब साढ़े 10 बजे अनुपम दियाल उर्फ निप्पी पुत्र पी.टी. मास्टर दर्शन कुमार अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में पटाखे चला रहा था। इस दौरान एक बम (शॉर्ट) कुछ समय तक नहीं चला। जब युवक निप्पी उसे देखने के लिए आगे बढ़ा तो अचानक बम उसकी छाती से टकराने के बाद जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने तुरंत उसे स्थानीय एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक खेतीबाड़ी के काम के साथ-साथ एक होटल भी चलाता था और मेहनत-मशक्कत करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह अपने पीछे विधवा पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता और पांच वर्षीय मासूम पुत्र छोड़ गया है। इस दुखद घटना के कारण मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।
युवक की असामयिक मौत पर दून वेलफेयर सभा के संरक्षक मास्टर जगन्नाथ भंडारी, प्रधान मास्टर नानक चंद राणा, मास्टर मोहन सिंह भैणी, बाबू भजन सिंह झज्ज, विधायक दिनेश चड्ढा, हेमंत सैणी, देसराज सैणी और भाजपा नेता विजय पुरी सहित विभिन्न शख्सियतों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। बाद दोपहर गमगीन माहौल में मृतक युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर गांववासियों और क्षेत्र की विभिन्न शख्सियतों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here