Edited By Yaspal,Updated: 24 Mar, 2021 09:05 PM
समाज सेवक लायन जे.बी. सिंह चौधरी ने सिंघु बार्डर पर किसान आंदोलन को संबोधित करते हुए कहा है कि इसमें उठ रही आवाज देश के 130 करोड़ लोगों की आवाज है जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों ने आंदोलन के दौरान आपसी एकता को बनाए रखा है...
जालन्धर(धवन): समाज सेवक लायन जे.बी. सिंह चौधरी ने सिंघु बार्डर पर किसान आंदोलन को संबोधित करते हुए कहा है कि इसमें उठ रही आवाज देश के 130 करोड़ लोगों की आवाज है जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों ने आंदोलन के दौरान आपसी एकता को बनाए रखा है परन्तु दुखद बात यह है कि इसमें अनेकों बुजुर्ग, युवा किसान शहीद हो गए हैं। उन्होंने यह कुर्बानी अपने लिए नहीं बल्कि देश के सभी लोगों के लिए दी है।|
जेबी चौधरी ने किसानों द्वारा दिखाई दिलेरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न तो गर्मी और न ही सर्दी की परवाह की। पहले पंजाब में मोर्चा लगाकर किसान डटे रहे तथा फिर उन्होंने पिछले 4 महीनों से दिल्ली के सिंघु बार्डर पर अपना मोर्चा लगाया हुआ है।
जे.बी. सिंह चौधरी ने केंद्र की निंदा करते हुए कहा कि अभी लोगों को 28 से 30 रुपए किलो आटा मिल रहा है परन्तु केंद्रीय कृषि कानूनों के कारण आने वाले समय में आटे के दाम बढ़ कर 70 से 80 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह न तो किसान हैं और न ही उनकी कृषि भूमि है। समाज सेवक होने के नाते उनकी सिंघु बार्डर के मंच से किसानों से रू-ब-रू होने की तमन्ना थी जो आज पूरी हुई है।
म्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन करके आने वाले विस्थापितों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी/जग बाणी की तरफ से श्री विजय चोपड़ा ने इन पीड़ित परिवारों के लिए 500 से अधिक राहत सामग्री के ट्रक भिजवाए हैं जो आर.एस. पुरा, राजौरी तथा श्रीनगर जैसे दूर-दराज क्षेत्रों में वितरित किए गए हैं।
उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर देशवासियों को जागरूक होने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाल दिनों में किसानों की सुनवाई न हुई तो इसका खमियाजा प्रत्येक देशवासी को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने नौजवानों द्वारा दिखाई गई सहनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्म खून होने के बावजूद उन्होंने अपने आपको दायरे में रखा है।