Edited By Urmila,Updated: 13 Nov, 2026 09:46 AM

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत एक जनवरी 2027 को आधार तिथि मानते हुए तैयार की गई फोटो मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है।
लुधियाना (राज): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत एक जनवरी 2027 को आधार तिथि मानते हुए तैयार की गई फोटो मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले के कुल 23,44,070 मतदाता शामिल किए गए हैं, जिनमें 12,16,462 पुरुष, 11,27,537 महिलाएं, 71 ट्रांसजेंडर और 471 एनआरआई (NRI) मतदाता हैं। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के अंतर्गत पोलिंग स्टेशनों के नए सिरे से बंटवारे के बाद जिले में कुल 3,033 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें 1,519 शहरी और 1,514 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.ludhiana.nic.in पर अपलोड कर दी गई है, जहां लोग अपना वोट देख सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के दफ्तरों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले और देश में कहीं भी वोटर सूची में नाम न होने वाले नागरिक फॉर्म नंबर 6 भरकर मतदाता बन सकते हैं। प्रवासी भारतीयों के लिए फॉर्म नंबर 6-ए निर्धारित है, जबकि मृत्यु होने पर नाम कटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 और मतदाता सूची या पहचान पत्र में ब्यौरा ठीक कराने, पोलिंग एरिया बदलने अथवा डुप्लीकेट पहचान पत्र बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
डीसी हिमांशु अग्रवाल ने आगे बताया कि वर्ष 2027 में एक अप्रैल, एक जुलाई या एक अक्टूबर को 18 साल के होने वाले युवा भी अभी से फॉर्म नंबर 6 भरकर अग्रिम आवेदन कर सकते हैं, जिनके आवेदनों पर संबंधित तिमाही आने पर विचार कर नाम जोड़ने का फैसला लिया जाएगा। नागरिक अपने भरे हुए फॉर्म बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी के दफ्तर में जमा करवा सकते हैं, अथवा www.voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप के जरिए फोटो, उम्र व रिहायश के दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले सभी दावों और एतराजों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here