Edited By Urmila,Updated: 29 Aug, 2026 10:31 AM

लोहियां क्षेत्र के गांवों से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक चिट्टी वेईं, जो कभी अपने स्वच्छ और मीठे पानी के कारण जानी जाती थी।
लोहियां खास (सद्दी): लोहियां क्षेत्र के गांवों से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक चिट्टी वेईं, जो कभी अपने स्वच्छ और मीठे पानी के कारण जानी जाती थी, अब कथित तौर पर फैक्टरियों के दूषित पानी के कारण ‘काली वेईं’ में तब्दील हो चुकी है। चिट्टी वेईं मोर्चा कमेटी शाहकोट-लोहियां ने आरोप लगाया कि दूषित और जहरीले पानी के कारण क्षेत्र के कई गांवों में गंभीर बीमारियां फैल रही है। अभी तक प्रशासन ने दूषित पानी छोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
वेईं के पानी को दोबारा स्वच्छ और उपयोग योग्य बनाने के उद्देश्य से कमेटी ने आम जनता के सहयोग से विशेष मुहिम शुरू की है। प्रैस कॉन्फ्रैंस के दौरान कमेटी के अध्यक्ष अजयपाल सिंह मुरीदवाल, उपाध्यक्ष आत्मा सिंह जलालपुर कलां, दिलबाग सिंह राईवाल बेट, जगतार सिंह नाहल, जरनैल सिंह नया पिंड खालेवाल, जसविंदर सिंह जलालपुर कलां, जत्थेदार मोहन सिंह नाहल ,जगतार सिंह नाहल, बलविंदर सिंह नंबरदार, गुरमेल सिंह, बलजीत सिंह मालूपुर, फुम्मन सिंह नया पिंड खालेवाल, संतोख लाल, जगमोहन सिंह लोहियां, अवतार आजाद, तरसेम सिंह कोमल, बलकार सिंह जलालपुर खुर्द, दिलप्रीत सिंह कंग, सरबजीत सिंह सरपंच और बलवीर सिंह कंग आदि नेताओं ने बताया कि यह वेईं गांव गिद्दड़पिंडी, मंडाला, नया पिंड खालेवाल, फुल्ल, घुद्दुवाल सहित मलसियां, जालंधर और होशियारपुर तक के गांवों को अपने दूषित पानी से बुरी तरह प्रभावित कर रही है।
संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि जालंधर व आसपास की कैमिकल फैक्टरियों से बिना ट्रीट किया गया जहरीला पानी वेईं में छोड़ा जा रहा है जिससे गांवों में कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं जोकि चिंता का विषय है। अध्यक्ष अजयपाल सिंह मुरीदवाल ने कहा कि वेईं के अस्तित्व को बचाने के लिए 7 सितम्बर को डी.सी. कार्यालय के बाहर दो घंटे का रोष धरना देने का ऐलान किया है। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर जालंधर को मांग पत्र सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि धरने में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के संयोजक सतनाम सिंह पन्नू तथा डल्लेवाल संगठन जालंधर के प्रधान मछियाना जी अपने साथियों सहित शामिल होंगे। कमेटी ने चेतावनी दी कि जब तक वेईं में जहरीला पानी गिरना बंद नहीं होता, तब तक जन-संघर्ष जारी रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here