Edited By Kalash,Updated: 15 Sep, 2026 05:39 PM

संगरूर पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या की गुत्थी को महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
संगरूर (विवेक सिंधवानी, सोनू, सिंगला): संगरूर पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या की गुत्थी को महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण थी।
मामले की जानकारी देते हुए एस.एस.पी. डॉ. रवजोत गरेवाल (आई.पी.एस) ने बताया कि 13 सितम्बर को गांव जखेपल चौवास के सरपंच द्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव अमरूद कोटड़ा से जखेपल की ओर जाने वाली सड़क पर ड्रेन (नाले) की पटरी के पास एक लावारिस शव पड़ा है। शव पर तेजधार हथियार से वार के निशान होने के कारण मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। इस संबंध में थाना चीमा में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।
हत्या की इस वारदात को ट्रेस करने के लिए पुलिस ने मानवीय और तकनीकी इंटैलिजैंस का सहारा लिया। एस.पी. सुखअमृत सिंह के नेतृत्व में विभिन्न टीमों ने जांच आगे बढ़ाई। वहीं एस.पी. हरिसमरन सिंह और डी.एस.पी. सुखदेव सिंह की देखरेख में पुलिस टीमों ने लगातार साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा, जिसके आधार पर गुरप्रीत सिंह उर्फ मन्नी पुत्र सदीवन सिंह निवासी हंबलवास जखेपल को 13 सितम्बर को ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया छुरा भी बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों पक्षों के बीच 11 फरवरी को झगड़ा हुआ था। उस मामले में गुरप्रीत सिंह उर्फ मन्नी के खिलाफ पहले भी केस दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी पुराने विवाद की रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी का रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here