Edited By Urmila,Updated: 02 Nov, 2026 05:47 PM

महल कलां इलाके में बेखौफ समाज विरोधी तत्वों द्वारा दिनदहाड़े लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने का सिलसिला लगातार जारी है।
महल कलां/बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि) : महल कलां इलाके में बेखौफ समाज विरोधी तत्वों द्वारा दिनदहाड़े लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में नजदीकी गांव सहौर में घर के अंदर अकेली बैठी महिला को निशाना बनाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरे उसका गला दबाकर कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी खौफ और चिंता पाई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाटर वर्क्स के पास रहने वाले गुरनैब सिंह के घर दोपहर करीब पौने दो बजे उसकी पत्नी सरबजीत कौर (50) अकेली चारपाई पर बैठी थी, जबकि उसका पति रोजी-रोटी कमाने के लिए काम पर गया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक आए, जिनमें से एक दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हो गया। लुटेरे ने सरबजीत कौर का गला दबाकर जबरदस्ती कानों से सोने की बालियां खींच लीं और बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर जब तक आस-पड़ोस के लोग एकत्र हुए, लुटेरे भाग चुके थे।
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने अपने चेहरे भी नहीं ढके हुए थे और उनकी यह करतूत गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें लुटेरों के चेहरे और मोटरसाइकिल का नंबर साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना संबंधी थाना ठुल्लीवाल में शिकायत दर्ज करवा दी है।
थाना प्रभारी अजैब सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि लुटेरों को बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। दूसरी ओर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here