Edited By Vatika,Updated: 17 Apr, 2026 04:14 PM

शहर के जेपी नगर स्थित Swami Sant Dass Public School के बाहर छात्रों के बीच हुई हिंसक
जालंधर (सोनू): शहर के जेपी नगर स्थित Swami Sant Dass Public School के बाहर छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सहित पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा छात्र
जानकारी के अनुसार, स्कूल के गेट नंबर-4 के बाहर 8वीं कक्षा के छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित छात्र की मां ने बताया कि कक्षा में दोनों के बीच हंसी-मजाक को लेकर विवाद हुआ था, जिसे स्कूल टीचर ने सुलझा दिया था। लेकिन छुट्टी के बाद आरोपी छात्र अपने साथियों के साथ आया और उनके बेटे पर हमला कर दिया। घायल छात्र को उसके साथी घर छोड़ गए, जहां मां ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गई। हमले में छात्र के सिर पर गहरी चोटें आई हैं।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
स्कूल के बाहर मौजूद परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद न तो आरोपी छात्र स्कूल आया और न ही उसके परिजन सामने आए। यहां तक कि स्कूल प्रबंधन भी इस मामले पर खुलकर कुछ नहीं कह रहा। घायल छात्र के पिता का कहना है कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वे न्याय के लिए लड़ेंगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि छात्र पर हमले की सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।